कोसी नदी में बहा 16 वर्षीय किशोर, तलाश में सर्च अभियान जारी.. दीपक, पैर फिसलने से तेज बहाव में हुआ लापता.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

13

 

नैनीताल। बेतालघाट तहसील के रोपा गांव में कोसी नदी किनारे फोटो खींचने के दौरान पैर फिसलने से 16 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। किशोर का अब तक पता नहीं चल सका है। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में उसकी तलाश कर रही है।
श्री कैंचीधाम के उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य के अनुसार, बुधवार सात अक्टूबर को ग्राम बिनकोट निवासी दीपक कुमार पुत्र भुवन चंद्र अपने तीन दोस्तों के साथ रोपा गांव में कोसी नदी के किनारे गया था। दोपहर करीब एक बजे फोटो खींचते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान शुरू किया। नदी के तेज बहाव और कठिन परिस्थितियों के बीच टीम लगातार संभावित स्थानों पर किशोर की तलाश कर रही है। तहसीलदार श्री कैंचीधाम भुवन चंद्र भंडारी भी राजस्व टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसून के बाद भी नदियों का जलस्तर और बहाव कई स्थानों पर तेज है। ऐसे में नदी किनारे चट्टानों अथवा फिसलन वाले स्थानों पर फोटो और सेल्फी लेने से बचें। अभिभावक बच्चों को नदी-नालों के आसपास अकेले न जाने दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आपदा कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।