कैंची धाम में जाम से राहत की कवायद, सुबह चार बजे खुलेंगे कपाट.. भवाली-कैंची मार्ग चौड़ा करने के साथ वैकल्पिक सड़क और बाईपास पर जोर…. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

46
Oplus_16908288

 

नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के साथ लगातार गहराती यातायात समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। भवाली-कैंची मार्ग पर वाहनों का दबाव कम करने, श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित करने और वैकल्पिक मार्ग विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय टम्टा की मौजूदगी में हुई उच्चस्तरीय बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
योजना के तहत कैंची धाम मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए सुबह छह बजे के बजाय सुबह चार बजे खोलने का निर्णय लिया गया है।

इससे दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को दिनभर एक साथ उमड़ने से रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग विकसित किए जाने की भी योजना है, ताकि भीड़ का दबाव नियंत्रित किया जा सके।

●सड़क चौड़ीकरण पर जोर..

कैंची धाम क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए भवाली से कैंची धाम तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही कैंची धाम से हरतप्पा तक वैकल्पिक सड़क विकसित करने की योजना है। क्वारब से तल्ला रामगढ़ मार्ग को दो लेन किए जाने की तैयारी भी यातायात के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इन मार्गों के विकसित होने से कैंची धाम जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध हो सकेंगे।

●निगलाट में पार्किंग, बाईपास से भारी वाहनों को राहत..

वाहनों को मुख्य मार्ग पर खड़ा होने से रोकने के लिए निगलाट के पास पार्किंग सुविधा विकसित करने पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा ग्वालपाड़ और लालकुआं बाईपास परियोजनाओं के टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी गई है। बाईपास तैयार होने के बाद भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से गुजारने की संभावना है, जिससे हल्द्वानी-कैंची धाम मार्ग पर यातायात का दबाव कम किया जा सकेगा।
प्रशासन का मानना है कि मंदिर प्रबंधन, सड़क चौड़ीकरण, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग और बाईपास जैसी व्यवस्थाएं चरणबद्ध तरीके से लागू होने पर कैंची धाम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। इससे स्थानीय लोगों के साथ देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।