नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. लज्जा भट्ट को कला, संस्कृति एवं भाषाविज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘महर्षि बादरायण व्यास सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में श्री गणेश वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थान एवं प्राच्य-विद्या प्रतिष्ठानम् की ओर से आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
उनकी इस उपलब्धि से कुमाऊं विश्वविद्यालय सहित शिक्षा एवं शोध जगत में खुशी की लहर है।
प्रो. लज्जा भट्ट संस्कृत साहित्य, भारतीय ज्ञान परंपरा, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में लंबे समय से अकादमिक और शोध कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर से पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने के बाद डी.लिट. भी हासिल की है। उनके शोध कार्यों और साहित्यिक योगदान को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
अकादमिक एवं शोध क्षेत्र में उनके योगदान का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक उनके 100 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। वहीं, उनकी 15 पुस्तकें भी प्रकाशित हैं। इससे पूर्व भी उन्हें गीता रत्न सम्मान, कला साहित्य सम्मान, टीचर ऑफ द ईयर और आउटस्टैंडिंग रिसर्च अवार्ड सहित कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
प्रो. भट्ट को महर्षि बादरायण व्यास सम्मान मिलने पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, कुलसचिव डॉ. रितेश साह, डीएसबी परिसर निदेशक डॉ. संजय पंत, डीन एजुकेशन डॉ. ललित तिवारी, डॉ. हरीश बिष्ट, डॉ. गगन होती, डॉ. अशोक कुमार सहित कूटा परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वहीं, विश्वविद्यालय के एलुमनी सेल की ओर से डॉ. बीएस कालाकोटी, डॉ. एसएस सामंत, ज्योति कांडपाल, डॉ. मीना लोहनी और डॉ. गोकुल सत्याल ने भी प्रो. भट्ट को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







