दुग्ध कारोबार में बिंदुखेड़ा समिति अव्वल, संजय नगर दूसरे और रावत नगर तीसरे स्थान पर नैनीताल दुग्ध संघ के 77वें वार्षिक अधिवेशन में उत्कृष्ट दुग्ध समितियां सम्मानित

1

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन में दुग्ध कारोबार के क्षेत्र में लालकुआं-बिंदुखत्ता की समितियों का दबदबा रहा। दुग्ध कारोबार में बिंदुखेड़ा समिति ने पहला, संजय नगर ने दूसरा और रावत नगर समिति ने तीसरा स्थान हासिल किया। वर्ष 2025-26 में दुग्ध कारोबार के आधार पर बिंदुखेड़ा समिति ने एक करोड़ 77 लाख 83 हजार 862 रुपये का कारोबार कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

वहीं संजय नगर समिति ने एक करोड़ 75 लाख 45 हजार 440 रुपये के साथ दूसरा और रावत नगर समिति ने एक करोड़ 58 लाख 79 हजार 432 रुपये के कारोबार के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा हरिपुर कुंवर सिंह और पलड़िया दुग्ध समितियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। अधिवेशन में पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की कुल 10 उत्कृष्ट दुग्ध समितियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मानित किया गया। इस दौरान समिति प्रतिनिधियों ने दुग्ध उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देने और उत्कृष्ट समितियों को प्रोत्साहित करने के लिए संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा के प्रयासों की सराहना की। संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सम्मानित समितियों और दुग्ध उत्पादकों को बधाई देते हुए कहा कि समितियों की सफलता के पीछे पशुपालकों की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास हैं। उत्कृष्ट समितियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य समितियों और दुग्ध उत्पादकों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है।