नैनीताल। चीना पीक के घने जंगलों से बिहार निवासी छात्र अर्णव कुमार सिंह के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला लगातार उलझता जा रहा है। छह नवंबर को दोस्तों के साथ नैना पीक की ट्रैकिंग पर निकला अर्णव 19 दिन बाद भी नहीं मिल सका है।

पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें लगातार जंगलों में सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। इस बीच मामले की जांच में एक युवती से दोस्ती और उससे पहली बार मिलने की योजना का पहलू भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, अर्णव अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था। छह नवंबर को चारों चीना पीक के जंगल में ट्रैकिंग के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अर्णव अपने साथियों से कुछ दूरी पर आगे निकल गया और फिर अचानक लापता हो गया। साथियों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद से ही संयुक्त सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और बचाव दल जंगल के दुर्गम हिस्सों, संभावित रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार खोजबीन कर रहे हैं।
●इंस्टाग्राम पर हुई थी युवती से दोस्ती..
जांच के दौरान अर्णव की सोशल मीडिया गतिविधियों और निजी संपर्कों से जुड़ा एक नया पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी हल्द्वानी की एक युवती से दोस्ती हुई थी। अर्णव उससे पिछले एक-दो महीने से बातचीत कर रहा था और पहली बार मिलने की योजना बना रहा था। सात नवंबर को युवती का जन्मदिन होने के कारण उसे शुभकामना देने और उपहार देने की भी तैयारी थी। हालांकि, छह नवंबर को ही वह चीना पीक के जंगल से लापता हो गया।

दोस्तों के अनुसार, नैनीताल आने का कार्यक्रम भी अर्णव ने ही बनाया था। उन्होंने बताया कि वापसी के दौरान अर्णव कुछ परेशान और असामान्य रूप से शांत दिखाई दे रहा था। पूछने पर उसने तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही थी। दोस्तों ने इसे पहाड़ी रास्ते और बस के सफर से होने वाली परेशानी समझा। हालांकि, युवती से दोस्ती और मुलाकात की योजना का अर्णव के लापता होने से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
●30 कदम की दूरी पर कैसे ओझल हुआ अर्णव ?..
मामले का सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब अर्णव अपने दोस्तों से कुछ ही दूरी पर था तो वह अचानक कहां चला गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर क्राइम सीन का निरीक्षण भी किया है। मल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से लगातार तलाश कर रही हैं।

एक दिन में दो से तीन बार भी टीमें अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन कर रही हैं।फिलहाल अर्णव के लापता होने के पीछे किसी एक वजह को जिम्मेदार नहीं माना जा सकता। जंगल में रास्ता भटकने, किसी दुर्घटना अथवा अन्य किसी परिस्थिति समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच जरूरी है। युवती से दोस्ती का पहलू भी जांच का हिस्सा हो सकता है, लेकिन इसे घटना की वजह मानना अभी जल्दबाजी होगी। अर्णव की तलाश और उसके लापता होने की परिस्थितियों का जवाब अब पुलिस की जांच से ही मिल सकेगा।







