नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास और लूट की गंभीर घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टैक्सी चालक को मात्र 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को एक महिला पर्यटक दिल्ली से देहरादून होते हुए बस से हल्द्वानी पहुँची थी। वहां से वह ऑटो के माध्यम से काठगोदाम आई और नैनीताल जाने के लिए एक टैक्सी किराये पर ली।

बताया गया कि रात्रि करीब 1:30 बजे वल्दियाखान के पास टैक्सी चालक ने वाहन को नैनीताल ले जाने के बजाय पटवाडांगर की सुनसान सड़क की ओर मोड़ दिया। विरोध करने पर चालक ने महिला के साथ मारपीट की, उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और उसका मोबाइल फोन लूट लिया ताकि वह किसी को सूचना न दे सके।
6 मार्च की सुबह स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम से जांच कराई तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता की तहरीर पर थाना तल्लीताल में मुकदमा अपराध संख्या 11/2026 धारा 64/309(6)/137 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज सिंह नयाल के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वाहन संख्या UK04TB 5500 (वैगनआर) और जीपीएस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को भवाली रोड स्थित पाइन्स क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सिंह बोरा (39 वर्ष) पुत्र नंदन सिंह बोरा निवासी गुजरौड़ा फतेहपुर थाना मुखानी, नैनीताल के रूप में हुई है।
आरोपी की निशानदेही पर पीड़िता का लूटा हुआ मोबाइल फोन Vivo Y100 बरामद कर लिया गया है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई और 10 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों और महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





