नैनीताल। हल्द्वानी देवलचौड़ स्थित कुर्मांचल बैंक की शाखा में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में बैंक को भारी नुकसान हुआ है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज व फाइलें जलकर राख हो गईं।

बताया जा रहा है कि देर शाम बैंक परिसर से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।दमकल कर्मियों ने काफी प्रयासों के बाद आग को फैलने से रोकते हुए उस पर नियंत्रण पा लिया। समय रहते आग बुझा लेने से आसपास की इमारतों को नुकसान होने से बचा लिया गया।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विभागीय जांच की जा रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई थीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना के दौरान सीएफओ सहित दमकल विभाग और पुलिस के कई अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए रखी।





