गोल्फा में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, समस्याओं के समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

5

पिथौरागढ़। मुनस्यारी गोल्फा पहुंचने पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि एवं यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान दानू ने ग्रामीणों का आभार जताते हुए उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने बताया कि आपदा को दो साल बीत जाने के बाद भी क्षतिग्रस्त मकानों का न तो मुआवजा मिला है और न ही विस्थापन की कोई व्यवस्था की गई है। इससे प्रभावित परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा, बीते चार वर्षों से बीएसएनएल टावर का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से बोना, तोमिक और गोल्फा ग्राम सभाओं के लोगों को संचार सुविधा के अभाव में परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मोटर मार्ग पर नाली निर्माण न होने के कारण बरसात का पानी सीधे घरों में घुस रहा है, जिससे कई मकान खतरे की जद में आ गए हैं। वहीं, मोती घाट से गोल्फा को जोड़ने वाला मोटर पुल छह साल बीतने के बाद भी अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों ने बरसात से पहले पुल निर्माण कार्य तेज करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो समस्त ग्रामवासी तहसील मुख्यालय मुनस्यारी और जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस मौके पर ग्राम प्रधान मुकेश फर्स्वाण, पूर्व प्रधान मोहन कोरंगा, सरपंच डिगर सिंह, पूर्व यूथ कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा, किशोर हरीश सिंह, कुंदन सिंह, संदीप कुमार, प्रहलाद सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।