कैंची धाम ड्यूटी में तैनात दो पुलिसकर्मी नशे में धुत, युवती से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार.. अल्कोमीटर और मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि, एसएसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) ” स्टार खबर” नैनीताल…

78

नैनीताल। भवाली कैंची धाम स्थापना दिवस मेले की ड्यूटी के दौरान तैनात दो पुलिसकर्मियों पर नशे की हालत में एक युवती से छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले की पुष्टि होने के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभाग ने इसे अत्यंत गंभीर मानते हुए विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मध्य रात्रि में पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली कि कोतवाली भवाली क्षेत्र में कैंची धाम स्थापना दिवस के लिए विशेष ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी एक होमस्टे में रुके हुए थे। आरोप है कि दोनों ने भारी मात्रा में शराब का सेवन किया था और नशे की हालत में होमस्टे संचालक की भतीजी के साथ अभद्रता व छेड़छाड़ की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और सीओ, एसटीएफ तथा एसएचओ समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मौजूदगी में दोनों पुलिसकर्मियों का अल्कोमीटर टेस्ट कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया गया। बाद में भवाली अस्पताल में वीडियोग्राफी के बीच मेडिकल परीक्षण कराया गया, जहां भी अत्यधिक शराब सेवन की पुष्टि हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धार्मिक ड्यूटी के दौरान शराब पीना अपने आप में गंभीर अपराध है और उसके बाद किसी युवती के साथ अभद्र व्यवहार करना पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला कृत्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे आचरण को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोतवाली भवाली में एफआईआर संख्या 23/26 दर्ज कर ली गई है। आरोपी पुलिसकर्मी फिलहाल हिरासत में हैं और उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमे के साथ-साथ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने
बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों के निलंबन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही उनके खिलाफ कठोरतम विभागीय कार्रवाई, जिसमें बर्खास्तगी तक शामिल है, के लिए रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने सभी ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता, नशाखोरी या किसी भी प्रकार के आपराधिक कृत्य में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।