नैनीताल तेज हवा और मूसलाधार बारिश से नैनीताल में यातायात प्रभावित, ताकुला और पंगोट रोड पर गिरे पेड़… प्रशासन ने शुरू कराया पेड़ हटाने का कार्य, वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ से बढ़ी परेशानी.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

39

नैनीताल। रविवार देर रात्रि को नैनीताल में तेज हवा और मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश के दौरान ताकुला और पंगोट मार्ग पर पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, वन विभाग और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं, जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से सड़क से पेड़ हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया।

वीकेंड होने के कारण नैनीताल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। शहर की अधिकांश सड़कों के दोनों ओर पर्यटक वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पेड़ गिरने की घटना के बाद कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रशासन ने बताया कि सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही यातायात सामान्य कर दिया जाएगा। साथ ही खराब मौसम को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।