नैनीताल,। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत बुधवार को सूखाताल में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेन्द्र भट्ट तथा नैनीताल विधायक श्रीमती सरिता आर्या ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान चिनार, उतीस, बांज, नींबू, माल्टा सहित विभिन्न प्रजातियों के 50 पौधों का रोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का भी प्रतीक है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को जुड़ना चाहिए।उन्होंने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण संरक्षण अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी का भरोसा दिलाया।पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।







