ज्योलीकोट के पास 40 मीटर गहरी खाई में गिरी टवेरा, चालक समेत दो गंभीर… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

77
Oplus_16908288

नैनीताल। नैनीताल से हल्द्वानी लौट रहे पर्यटकों का वाहन गुरुवार सुबह ज्योलीकोट के समीप अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार गोमतीनगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल भ्रमण के बाद हल्द्वानी लौट रहे थे। वाहन को हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह चला रहा था। ज्योलीकोट के एक नंबर बैंड से आगे अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरी खाई में जा गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर एसडीआरएफ और पुलिस ने तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई में उतरकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया।

एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य सभी को सामान्य चोटें लगी हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।