नैनीताल। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के काफलीखान निवासी युवा इनोवेटर रवि टम्टा ने अपने नए आविष्कार से सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। रवि और उनकी टीम ने HAPIDA SKYNEX नामक सिंगल-सीटर फ्लाइंग व्हीकल (Single-Seater Flying Vehicle) के प्रोटोटाइप की सफल टेस्ट फ्लाइट कर एक नई उपलब्धि हासिल की है।ड्रोन तकनीक पर आधारित इस अत्याधुनिक प्रोटोटाइप को रवि ने अपने स्टार्टअप Hapida Sky Private Limited के तहत विकसित किया है।
उनका लक्ष्य भविष्य के लिए ऐसी पर्सनल स्काई मोबिलिटी (Personal Sky Mobility) तैयार करना है, जिससे आम लोगों के लिए आसमान के रास्ते सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा संभव हो सके।रवि टम्टा इससे पहले भी कई नवाचारों के जरिए अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग सिस्टम, मोबाइल चार्जिंग शूज सहित कई अभिनव तकनीकों पर काम किया है। उनका मानना है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से लोगों के दैनिक जीवन को अधिक सरल और सुविधाजनक बनाया जा सकता है।पहाड़ की धरती से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे रवि टम्टा की इस उपलब्धि की सोशल मीडिया पर भी खूब सराहना हो रही है। लोग उनके इस नवाचार को उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य की परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।रवि की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतिभा और नवाचार के दम पर वैश्विक स्तर की तकनीक विकसित की जा सकती है। उनके इस प्रयास से उत्तराखंड के युवाओं में विज्ञान, तकनीक और स्टार्टअप के क्षेत्र में नए सपने देखने का उत्साह बढ़ा है।







