मुनस्यारी। तहसील मुनस्यारी क्षेत्र के पांतो गांव में लगातार हो रही बारिश के चलते दो आवासीय मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। त्रिलोक पुत्र प्रेम सिंह और दुर्योधन पुत्र रुकम सिंह के मकान बारिश के कारण भूस्खलन और भू-धंसाव की जद में आ गए हैं। मकानों के आसपास जमीन में लगातार नमी बढ़ने से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
लगातार बारिश के बीच दोनों प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए तो भारी बारिश के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मदकोट-मुनस्यारी एवं यूथ कांग्रेस डीडीहाट के जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की टीम को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा प्रभावित मकानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू किए जाएं।
उन्होंने यह भी मांग की कि यदि स्थिति अधिक गंभीर पाई जाती है तो प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित करने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके। उन्होंने कहा कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन को समय रहते एहतियाती कदम उठाने चाहिए। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।







