नैनीताल। भीमताल स्थित विकास भवन में बुधवार को जिला योजना को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद पांडे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), पर्यटन, उद्यान, सिंचाई, शिक्षा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सीडीओ ने लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 20 सूत्रीय कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत अब तक किए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को शेष घोषणाओं से संबंधित कार्यों को जल्द पूरा कर धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
●बरसात में क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द हो मरम्मत…
बैठक में बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सीडीओ ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने और आवागमन सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा।
सीडीओ अरविंद पांडे ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और विकास योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए।







