नैनीताल। लोअर मॉल रोड के पुनर्निर्माण, यातायात व्यवस्था और शहर की अन्य प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन के नेतृत्व में 15 अगस्त से चल रहा धरना पांचवें दिन बुधवार को स्थगित किया गया। इस दौरान व्यापार मंडल ने प्रशासन के समक्ष विभिन्न मांगें रखते हुए निर्धारित समय में ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन फिर शुरू करने की चेतावनी दी।
●तीन दिन में पांच पाइलिंग पर उठाए सवाल..
पुनीत टंडन ने कहा कि धरने के पांच दिनों के दौरान लोअर मॉल रोड के निर्माण कार्य में तेजी देखने को मिली है। उनके अनुसार, पहले जहां छह दिनों में एक पाइलिंग का काम हो रहा था, वहीं अब बरसात के बावजूद तीन दिनों में पांच पाइलिंग पूरी की गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व में कार्य की गति को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
व्यापार मंडल ने लोअर मॉल रोड के पिछले एक वर्ष के कार्य में हुई देरी की विस्तृत जांच कराने की मांग की है। साथ ही लोअर व अपर मॉल रोड पर उभरी दरारों के कारणों और उनके तकनीकी उपचार की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। व्यापार मंडल ने पिछले दस वर्षों में लोअर मॉल रोड पर हुए खर्च का वर्षवार ब्यौरा भी सार्वजनिक करने की मांग की है। प्रशासन स्तर पर जांच नहीं होने पर उच्च न्यायालय की निगरानी में जांच के लिए याचिका दायर करने की चेतावनी दी गई है।
●नो-हॉन्किंग जोन का निर्णय स्थगित करने की मांग..
व्यापार मंडल ने माल रोड पर लागू नो-हॉन्किंग जोन के निर्णय को तत्काल स्थगित करने की मांग की है। मंडल का कहना है कि जब तक लोअर मॉल रोड के दोनों ओर के रैंप हटाकर यातायात पूरी तरह सुचारू नहीं किया जाता, गति सीमा निर्धारित नहीं होती और आपातकालीन स्थिति में पुलिस निगरानी व व्यवस्था स्पष्ट नहीं होती, तब तक इस व्यवस्था को लागू रखना उचित नहीं है।
●लोअर मॉल रोड बंद होने पर अपर रोड पर भी यातायात प्रतिबंध की मांग..
व्यापार मंडल ने कहा कि यदि लोअर मॉल रोड पर उपचार या मरम्मत के लिए दोबारा यातायात बंद किया जाता है तो अपर मॉल रोड पर भी आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अन्य यातायात प्रतिबंधित किया जाए। इससे होने वाले टोल अनुबंध संबंधी नुकसान की भरपाई शासन-प्रशासन द्वारा किए जाने की मांग की गई है।
●पार्किंग, सीवर और रूसी बाईपास पर भी उठाए सवाल..
व्यापार मंडल ने मेट्रोपोल पार्किंग निर्माण की निश्चित समयसीमा लिखित रूप में जारी करने और अशोक कैपिटल सिनेमा पार्किंग प्रस्ताव पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। नैनीताल झील में सीधे गिर रहे सीवर नालों को दुरुस्त करने तथा फ्लैट्स मैदान के समीप जलभराव और निर्माण संबंधी मामलों की समीक्षा की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा रूसी बाईपास पर प्रस्तावित पीपीपी मोड के विकास कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारने की मांग की गई।
●बोट हाउस क्लब के सामने निर्माण हटाने की मांग..
व्यापार मंडल ने बोट हाउस क्लब के सामने पार्क में बनाए जा रहे कंक्रीट ढांचे को हटाने की मांग की है। मंडल का आरोप है कि इससे पार्क का मूल स्वरूप प्रभावित हो रहा है। व्यापार मंडल ने प्रशासन को तीन से पांच दिन में कार्रवाई नहीं होने पर उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने की चेतावनी दी है।
●14 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो फिर शुरू होगा आंदोलन..
पुनीत टंडन ने कहा कि नैनीताल और नैनी झील के संरक्षण से जुड़े इन मुद्दों पर व्यापार मंडल अपनी मांगों पर अडिग है। प्रशासन द्वारा ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई नहीं किए जाने और 14 दिनों के भीतर निर्धारित समयसीमा से अवगत नहीं कराने पर स्थगित धरने को व्यापक जनआंदोलन में बदला जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘नैनीताल बचाओ अभियान’ को दोबारा शुरू करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
उन्होंने आंदोलन में सहयोग देने वाली विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका सभासदों, युवा संगठनों, मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि माँ नयना देवी की कृपा और नीम करौली बाबा के आशीर्वाद से यह अभियान आगे बढ़ा है।







