नैनीताल, 6 सितंबर। मौसम विभाग की ओर से सात सितंबर को नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने रविवार को आदेश जारी करते हुए बताया कि वर्तमान में जिले के पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में वर्षा हो रही है। ऐसे में नदियों, नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार सात सितंबर (सोमवार) को नैनीताल जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा एक से 12 तक संचालित शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का संबंधित संस्थानों में अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







