नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। 14 सितंबर को समर्थ प्रवेश पोर्टल पर आई तकनीकी समस्या के कारण लंबित रह गई प्रवेश प्रक्रिया को पूरा करने के लिए विश्वविद्यालय ने एक और अवसर दिया है। समर्थ पोर्टल पर रिव्यू एंड प्रोसेस सुविधा अब 16 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी।
कुलसचिव प्रो. राजनेश पांडे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, तकनीकी समस्या के चलते कुछ पात्र अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में प्रवेश और प्रवेश शुल्क संबंधी प्रक्रिया पूरी नहीं कर सके थे। विद्यार्थियों के हित को देखते हुए कुलपति के अनुमोदन के बाद यह सुविधा दोबारा सक्रिय की गई है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर और सभी संबंधित महाविद्यालयों एवं संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि तकनीकी कारणों से लंबित रह गए पात्र विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कराई जाए। साथ ही प्रवेश एवं शुल्क से संबंधित आवश्यक विवरण समर्थ पोर्टल पर समय से अपडेट कराने को कहा गया है।
कुलसचिव ने महाविद्यालयों और संस्थानों से विद्यार्थियों को विस्तारित अवसर की तत्काल जानकारी देने को कहा है, ताकि किसी पात्र विद्यार्थी का प्रवेश तकनीकी समस्या के कारण प्रभावित न हो। 16 सितंबर को सुविधा बंद होने के बाद लंबित प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का अवसर उपलब्ध नहीं होगा।





