नैनीताल/देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को लेकर गुजरात के गांधीनगर नगर निगम की महापौर मीरा पटेल ने उत्तराखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन की सराहना की है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर यात्रा के दौरान मिले सहयोग और व्यवस्थाओं के लिए आभार जताया।मीरा पटेल ने बताया कि उनके परिवार की ओर से छह से आठ सितंबर तक बदरीनाथ धाम में तीन दिवसीय श्री महाविष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद गुजरात से आए 188 श्रद्धालुओं के दल ने केदारनाथ धाम के दर्शन किए। दल में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी शामिल थे।उन्होंने कहा कि दोनों धामों में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं के कारण यात्रा सुगम और व्यवस्थित रही। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को दर्शन कराने में स्थानीय प्रशासन और संबंधित व्यवस्थापन से मिले सहयोग का उन्होंने उल्लेख किया।
महापौर ने पत्र में कहा कि धार्मिक अनुष्ठान से लेकर चारधाम दर्शन तक उत्तराखंड सरकार और प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा। उन्होंने इसे प्रदेश की अतिथि देवो भव: की परंपरा से जोड़ते हुए सरकार, स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयास सकारात्मक हैं। साथ ही उन्होंने भगवान बदरी विशाल और बाबा केदार से उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की कामना की।






