400 धावकों ने लगाई दौड़, नाटक से दिया वन्यजीव बचाने का संदेश… वन्य प्राणी सप्ताह के तीसरे दिन मैराथन में दिखा उत्साह,… रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल

14

 

नैनीताल। वन्य प्राणी सप्ताह के तीसरे दिन रविवार को जीबी पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान की ओर से आयोजित मैराथन में शहर की सड़कों पर वन्यजीव संरक्षण का संदेश गूंजा। करीब 400 प्रतिभागियों ने अलग-अलग वर्गों में दौड़ लगाकर लोगों को वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इसके बाद आयोजित नाटक प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से मानव और वन्यजीवों के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत बताई।
प्राणी उद्यान के निदेशक एवं नैनीताल वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी आकाश गंगवार के निर्देशन में आयोजित मैराथन का शुभारंभ उप निदेशक स्वाति और पुलिस क्षेत्राधिकारी विनय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। स्कूली वर्ग की तीन किलोमीटर दौड़ मल्लीताल बैंड स्टैंड से शुरू होकर ठंडी सड़क, फांसी गधेरा और तल्लीताल तक गई। प्रतिभागी इसी मार्ग से वापस बैंड स्टैंड पहुंचे। ओपन वर्ग की 12 किलोमीटर दौड़ बैंड स्टैंड से माल रोड होते हुए पाइंस तक कराई गई और प्रतिभागी वापस मल्लीताल पहुंचे।स्कूली छात्र वर्ग में सोलित कुमार प्रथम, कृष्णा सिंह बिष्ट द्वितीय और तुषार जोशी तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में अक्षिता महर ने पहला, आरती आर्या ने दूसरा और निशा अधिकारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। ओपन पुरुष वर्ग में लोकेश कुमार प्रथम, दिनेश चंद्र द्वितीय और अमन बिष्ट तृतीय रहे। महिला वर्ग में साधना सिंह प्रथम, खुशी गोस्वामी द्वितीय और उषा थवाल तृतीय रहीं।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में विभिन्न विद्यालयों के 50 विद्यार्थियों ने कनेक्टिंग हैबिटैट्स, थ्राइविंग वाइल्डलाइफ” थीम पर नाटक प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों में वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास बचाने और मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व का संदेश दिया गया। निर्णायक मंडल में डीएसबी परिसर के संगीत विभाग की डॉ. संध्या रहीं। संचालन हिमालयन बोटैनिकल गार्डन की डॉ. रजनी रावत ने किया।
वन्य प्राणी सप्ताह के तहत राजकीय इंटर कॉलेज पहाड़पानी, राजकीय इंटर कॉलेज खनस्यू और राजकीय प्राथमिक पाठशाला खनस्यू के 50 विद्यार्थियों को प्राणी उद्यान का निश्शुल्क भ्रमण भी कराया गया।
मैराथन में स्कूली और ओपन वर्ग के प्रतिभागियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर वन्यजीव संरक्षण का संदेश दिया। आयोजन में पुलिस, चिकित्सा विभाग और रन टू लाइव के सदस्यों ने सहयोग किया।

● प्राकृतिक आवास बचाने पर जोर…

नाटक प्रतियोगिता की थीम का केंद्र वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित और आपस में जुड़ा रखना रहा। विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियों के माध्यम से बताया कि आवास सुरक्षित होंगे तो वन्यजीवों का अस्तित्व भी मजबूत होगा।