नैनीताल। सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए बीडी पांडे जिला अस्पताल में महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अस्पताल में क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (सीओपीडी) और अस्थमा से पीड़ित मरीजों के फेफड़ों की कार्यक्षमता जांचने के लिए पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) यानी स्पाइरोमेट्री की सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत मरीजों की हर महीने के पहले और तीसरे सोमवार को विशेष जांच की जाती है।
अस्पताल के चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक गुप्ता के अनुसार, स्पाइरोमेट्री फेफड़ों की कार्यक्षमता का आकलन करने वाली महत्वपूर्ण जांच है। इसके माध्यम से यह पता लगाया जाता है कि मरीज कितनी हवा सांस के साथ अंदर ले पा रहा है और कितनी मात्रा में तथा कितनी तेजी से बाहर छोड़ रहा है। जांच के परिणामों से फेफड़ों में हवा के प्रवाह में आने वाली रुकावट का पता लगाने में मदद मिलती है। खासतौर पर सीओपीडी और अस्थमा के मरीजों की बीमारी की स्थिति समझने और उपचार की दिशा तय करने में यह जांच उपयोगी है।उन्होंने बताया कि सीओपीडी और अस्थमा के मरीजों को नियमित चिकित्सकीय परामर्श के साथ फेफड़ों की कार्यक्षमता की निगरानी भी करानी चाहिए।
स्पाइरोमेट्री के माध्यम से बीमारी की गंभीरता का आकलन करने के साथ उपचार के प्रभाव को समझने में भी चिकित्सकों को मदद मिलती है। अस्पताल में इस सुविधा की शुरुआत का उद्देश्य मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक जांच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इसके लिए बड़े चिकित्सा केंद्रों की दौड़ न लगानी पड़े।
●जांच में कैसे पता चलती है फेफड़ों की स्थिति?
स्पाइरोमेट्री जांच के दौरान मरीज को एक विशेष मशीन से जुड़े माउथपीस में गहरी सांस लेकर तेजी से हवा बाहर छोड़नी होती है। मशीन हवा की मात्रा और बाहर छोड़ने की गति को रिकॉर्ड करती है। इससे फेफड़ों में वायु प्रवाह की रुकावट और सांस लेने की क्षमता का आकलन किया जाता है। चिकित्सक इन परिणामों को मरीज के लक्षणों और मेडिकल हिस्ट्री के साथ देखकर बीमारी की स्थिति निर्धारित करते हैं।
अस्पताल प्रबंधन की इस पहल से नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। विशेषकर लंबे समय से खांसी, सांस फूलने, सीने में जकड़न और सांस लेने में परेशानी से जूझ रहे मरीज चिकित्सकीय परामर्श के बाद इस जांच का लाभ उठा सकेंगे।
●धूमपान करने वालों को भी सतर्क रहने की जरूरत..
विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक धूमपान करने वाले और धूल-धुएं के संपर्क में रहने वाले लोगों में सीओपीडी का खतरा बढ़ सकता है। लगातार खांसी, बलगम और सांस फूलने जैसे लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर चिकित्सकीय जांच से बीमारी की पहचान और उपचार में मदद मिल सकती है।







