अर्णव की तलाश में नैना पीक के जंगल खंगालेगा वन विभाग, 11 दिन बाद विशेष सर्च ऑपरेशन… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

16

अर्णव की तलाश में नैना पीक के जंगल खंगालेगा वन विभाग, 11 दिन बाद विशेष सर्च ऑपरेशन…

रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

नैनीताल। नैना पीक से लौटते समय लापता हुए बिहार के छात्र अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस की तलाश में 11 दिन बाद भी कोई सफलता नहीं मिल सकी है। पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें लगातार संभावित क्षेत्रों में खोजबीन कर रही हैं। इसी क्रम में वन विभाग बुधवार को नैना पीक के सामने वाले वन क्षेत्र में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाएगा। इसके लिए नौ सदस्यीय टीम गठित कर कर्मचारियों को निर्धारित समय पर मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
वन क्षेत्राधिकारी नैना की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, सभी संबंधित कर्मचारियों को 18 नवंबर को सुबह 9:30 बजे तक सैनिक स्कूल के ऊपर स्थित मोटर मार्ग पर पहुंचना होगा। यहां से नैना पीक के सामने चिह्नित वन क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जाएगा। संबंधित क्षेत्र का वीडियो भी कर्मचारियों के साथ साझा किया गया है, ताकि खोजबीन निर्धारित क्षेत्र में केंद्रित रखी जा सके।

अभियान के लिए वन दरोगा भुवन चंद्र और चंदन सिंह बिष्ट के साथ वन आरक्षी मोहन सिंह परिहार और मनीषा बोहरा, बीट सहायक सोबन सिंह, हिमांशु बर्गली, हरेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह तथा टांकी बैरियर के कर्मचारी अभिषेक को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त वन दरोगा विमला राठौर और वन रक्षक राजेंद्र सिंह को भी गश्त एवं सर्च अभियान में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान पूरा होने तक कर्मचारी टीम लीडर चंदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में तैनात रहेंगे।
संबंधित क्षेत्र नगरपालिका वन क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण वहां से भी वन दरोगा, वन आरक्षी और वाचरों को निर्धारित समय पर मौके पर उपस्थित रहने को कहा गया है। इससे वन विभाग की अलग-अलग टीमों के बीच समन्वय बनाकर तलाशी अभियान चलाया जा सकेगा।
गौरतलब है कि बिहार के मुंगेर निवासी अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस छह नवंबर को अपने तीन दोस्तों के साथ नैना पीक की ट्रैकिंग पर गया था। लौटते समय शाम करीब पांच बजे वह दोस्तों से बिछड़ गया और इसके बाद से लापता है। उसकी तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, वन विभाग और दमकल विभाग की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में खोजबीन के बावजूद अब तक उसका कोई पता नहीं चल सका है। ऐसे में बुधवार को नैना पीक के सामने वाले वन क्षेत्र में प्रस्तावित विशेष सर्च ऑपरेशन से युवक की तलाश को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।