बेतालघाट के जीजीआईसी में एचपीवी टीकाकरण अभियान, 20 छात्राओं को लगी वैक्सीन…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल….

18

नैनीताल। बेतालघाट स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) बेतालघाट में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 20 पात्र छात्राओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया। साथ ही छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी भी दी गई।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में आयोजित अभियान का संचालन चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशा शेखर के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर, वैक्सीन की उपयोगिता, सुरक्षा और समय पर टीकाकरण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि समय पर लगाया गया एचपीवी टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है।
जागरूकता सत्र के बाद सभी पात्र छात्राओं का सुरक्षित तरीके से टीकाकरण किया गया। अभियान में एएनएम हर्षी भट्ट और गीता पवार ने टीकाकरण के साथ लाभार्थियों की निगरानी एवं एईएफआई (टीकाकरण के बाद संभावित प्रतिकूल प्रभाव) प्रबंधन की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने अभिभावकों से पात्र बालिकाओं का समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि यह वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव का वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित और प्रभावी माध्यम है। वहीं, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अभिलाषा पाण्डे ने कहा कि किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक पात्र बालिका तक इस जीवनरक्षक टीके की पहुंच सुनिश्चित करने और जनजागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।