नैनीताल। पदमपुरी प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी में आयोजित निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर में पहले ही दिन 385 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर परामर्श दिया, वहीं विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग, लैब जांच, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, निःशुल्क दवा वितरण और आयुष्मान भारत सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्य, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी व दीवान बिष्ट, ग्राम प्रधान रेखा आर्या और रेनू आर्या सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में आयोजित शिविर का निरीक्षण प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हिमांशु कांडपाल ने किया। उन्होंने लाभार्थियों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, उच्च रक्तचाप और मधुमेह की जांच, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, टीबी जांच, सर्वाइकल एवं ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, लैब जांच, निःशुल्क दवा वितरण, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, आयुष्मान भारत एवं आभा आईडी जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में 225 लोगों की ब्लड प्रेशर, 215 की ब्लड शुगर, 170 की टीबी स्क्रीनिंग, 85 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, 85 की हीमोग्लोबिन जांच, 95-95 लोगों की एलएफटी एवं टीएफटी जांच, 35 अल्ट्रासाउंड, 35 एक्स-रे, 12 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, 14 बलगम जांच तथा दो दिव्यांग प्रमाण-पत्र जारी किए गए। वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत 45 बच्चों की स्वास्थ्य जांच और 28 लैब जांच भी की गईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविरों से लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, आवश्यक जांच और निःशुल्क दवाइयों का लाभ एक ही स्थान पर मिल रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर के सफल संचालन में शशि खांप, कमलेश बचखेती, बसंत गोस्वामी, कैलाश चंद थापा, अजय कुमार और दीवान बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







