★. चांफी में सजेगा ‘रिवरसाइड रैंडेज़वस’, कुमाऊँनी लोक कला को मिलेगा मंच
★. मचान रिवरसाइड फिएस्टा में 19–20 दिसंबर को दो दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन, प्रवेश निःशुल्क
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
चांफी (नैनीताल)। स्थानीय कुमाऊँनी संस्कृति और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मचान रिवरसाइड फिएस्टा, चांफी में आगामी 19 व 20 दिसंबर को दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम ‘रिवरसाइड रैंडेज़वस’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पूरी तरह से स्थानीय कुमाऊँनी कलाकारों को समर्पित होगा, जिसमें लोक संगीत, पारंपरिक प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक रंग देखने को मिलेंगे।
कार्यक्रम में लाइव म्यूज़िक, स्थानीय स्वादों से सजा पारंपरिक भोजन, हस्तकला स्टॉल्स और सर्दियों के मौसम में नदी किनारे का शांत व मनमोहक माहौल दर्शकों को एक यादगार अनुभव प्रदान करेगा। आयोजकों ने बताया कि इस फिएस्टा का उद्देश्य क्षेत्रीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना और कुमाऊँनी लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ना है।
आयोजन में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल होकर स्थानीय प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन कर सकें। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों, पर्यटकों और कला प्रेमियों से इस सांस्कृतिक महोत्सव में पहुंचकर कुमाऊँ की समृद्ध परंपरा को करीब से महसूस करने की अपील की है।
स्थान: मचान रेस्टोरेंट, नैनीताल–भीमताल मार्ग, चांफी







