कड़ाके की ठंड के चलते 5 से 9 जनवरी तक सभी आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद..
रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर ” नैनीताल..
नैनीताल। जनपद नैनीताल क्षेत्र में लगातार घने कुहासे और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका के मद्देनज़र जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 5 जनवरी 2026 से 9 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल ललित मोहन रयाल द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल एवं जनपद की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि उक्त आदेश की सूचना समय रहते सभी पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।
प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, वहीं मौसम की गंभीरता को देखते हुए आगे भी स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही गई है।







