नैनीताल। नैनीताल में सुबह-शाम पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए जमियत उलेमाए हिन्द कमेटी द्वारा मंगलवार को जामा मस्जिद परिसर में जरूरतमंद लोगों को रजाइयां वितरित की गईं। इसका उद्देश्य ठंड के मौसम में असहाय एवं निर्धन लोगों को राहत पहुंचाना है।कमेटी के अध्यक्ष मुफ़्ती अजमल ने बताया कि जमियत उलेमाए हिन्द द्वारा देशभर में विभिन्न सामाजिक व जनहितकारी कार्य किए जाते हैं। इनमें गरीब तबके को राहत सामग्री उपलब्ध कराना, बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देना तथा अन्य सेवात्मक कार्य शामिल हैं।
इसी क्रम में नैनीताल इकाई द्वारा आज 40 निर्धन लोगों को रजाइयां वितरित की गईं।मुफ़्ती अजमल ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की लत चिंता का विषय है। इसे देखते हुए कमेटी द्वारा घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि युवा नशे की गिरफ्त में आने से बच सकें।रजाई वितरण कार्यक्रम में मुकीम, फौजाना, रईस खान, अबरार, किशन नेगी आदि मौजूद रहे।







