केंद्रीय बजट को लेकर नयना देवी व्यापार मंडल की राय… स्थिर नीति और व्यावहारिक सुधार अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक: पुनीत टंडन… रिपोर्ट- (चंदन सिंह बिष्ट ) “स्टार खबर” नैनीताल…

23

नैनीताल।
आज देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत वार्षिक बजट को लेकर नैनीताल नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों से केंद्र सरकार का बजट विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक निरंतर और स्पष्ट वित्तीय नीति का परिचायक रहा है, जो देश की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत देता है।

पुनीत टंडन ने कहा कि अक्सर बजट से बहुत अधिक उम्मीदें रखी जाती हैं, जो हर बार पूरी हों यह संभव नहीं, लेकिन नीतिगत ढांचे में निरंतरता बनाए रखना अपने आप में व्यवसाय, अर्थव्यवस्था और स्टॉक मार्केट के लिए लाभकारी सिद्ध होता है। आज के जटिल वैश्विक हालात—जैसे अमेरिकी टैरिफ प्रतिबंध, रुपये में गिरावट और विभिन्न देशों के बीच युद्ध जैसे माहौल—के बावजूद संतुलित वित्तीय प्रबंधन सरकार की बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि सरकार को विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से मिले सुझावों के आधार पर बजट में व्यावहारिक सुधार और नए प्रस्ताव देखने को मिले हैं।

इनकम टैक्स से जुड़े प्रमुख प्रावधान

1. रिवाइज्ड रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर से बढ़ाकर 31 मार्च किया जाना करदाताओं को बड़ी राहत।

2. विदेश भ्रमण के ग्रुप टूर पैकेज पर टीसीएस 20% से घटाकर 5% किया गया।

3. मेडिकल और शिक्षा के लिए विदेशी मुद्रा उपयोग पर टीसीएस 5% से घटाकर 2%।

4. मोटर दुर्घटना मुआवजा क्लेम को पूरी तरह टैक्स फ्री किया गया।

 

पर्यटन क्षेत्र को मिला बढ़ावा

1. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हॉस्पिटैलिटी की स्थापना, जिसके तहत 10,000 टूर गाइड्स को प्रशिक्षण।

2. उत्तराखंड, हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्यों में माउंटेन सीनिक ट्रेल और ट्रेकिंग को प्रोत्साहन।

3. सीनिक रूट्स पर विशेष पर्यटन ट्रेनें चलाने का प्रस्ताव।

 

महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं

1. महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए SHE मार्ट की शुरुआत।

2. हर जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल की स्थापना।

 

मेडिकल और हेल्थ सेक्टर में अहम फैसले

1. NSQF के तहत 1.5 लाख केयर गिवर्स को प्रशिक्षण।

2. कैंसर और रेयर डिजीज़ की दवाओं पर भारी ड्यूटी कटौती।

3. बायो-फार्मा शक्ति योजना के तहत बायोटेक्नोलॉजी रिसर्च को बढ़ावा।

4. देश में पांच मेडिकल टूरिज्म हब विकसित करने की योजना।

उत्तराखंड को मिलेगा सीधा लाभ

नयना देवी व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि बजट में किए गए ये सभी प्रावधान सराहनीय हैं और उत्तराखंड सरकार यदि इन्हें प्रभावी ढंग से लागू करती है तो राज्य को पर्यटन और मेडिकल जैसे क्षेत्रों में विशेष लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में प्रदेश में भारी संभावनाएं हैं और बजट के माध्यम से राज्य के समग्र विकास को नई दिशा मिल सकती है।