कैंची धाम व आसपास के क्षेत्रों में वीकेंड ट्रैफिक प्लान लागू….
रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर ” नैनीताल..
नैनीताल। जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कैंची धाम सहित भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड (शनिवार व रविवार) के दौरान पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना है।
भारी वाहनों का डायवर्जन:
वीकेंड पर अल्मोड़ा/रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब व खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़/मुक्तेश्वर मार्ग से भेजा जाएगा।
हल्द्वानी से पर्वतीय मार्ग की व्यवस्था:
आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहा से पहले रोका जाएगा या रामगढ़ व खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा।
भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटक:
बाहरी राज्यों/जनपदों से भीमताल होकर कैंची धाम आने वाले पर्यटकों के निजी वाहनों को विकास भवन पार्किंग (भीमताल) में पार्क कराया जाएगा। यहां से पर्यटक शटल सेवा के माध्यम से भवाली/कैंची धाम पहुंच सकेंगे।
गेठिया/नैनीताल मार्ग से आने वाले पर्यटक:
वाया गेठिया/नैनीताल होकर आने वाले पर्यटकों के वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से भी दर्शन के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।
पुलिस की अपील:
नैनीताल पुलिस ने सभी पर्यटकों, वाहन स्वामियों व चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित यातायात प्लान का पालन करें और सुरक्षित व सुगम यात्रा के लिए प्रशासन का सहयोग करें।







