डोर-टू-डोर गैस आपूर्ति व्यवस्था फेल, हफ्ते भर बाद भी नहीं मिल रहे सिलेंडर.. लोगों में बढ़ा आक्रोश, रोस्टर व्यवस्था लागू करने की उठी मांग.. रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर ” नैनीताल..

40

नैनीताल। जिला प्रशासन द्वारा डोर-टू-डोर घरेलू गैस सिलेंडर पहुंचाने के दावे जमीनी स्तर पर पूरी तरह विफल होते नजर आ रहे हैं। स्थिति यह है कि उपभोक्ताओं को एक सप्ताह से अधिक समय तक इंतजार करने के बावजूद गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
स्थानीय क्षेत्रों में सुबह से ही लोग गैस सिलेंडर के इंतजार में लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं। बाजारों में भी उपभोक्ताओं को लगातार दो-दो दिन लाइन में लगना पड़ रहा है। इसके बाद भी कई लोगों को टैक्सी वाहनों से सिलेंडर ढोकर घर ले जाने के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, जबकि गैस वितरण के लिए ठेकेदारों को डोर-टू-डोर आपूर्ति का भुगतान पहले से किया जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता हरीश राणा ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल कागजों में डोर-टू-डोर सेवा का आदेश जारी कर देना पर्याप्त नहीं है। जब तक स्थानीय स्तर पर क्षेत्रवार गैस वितरण का स्पष्ट रोस्टर नहीं बनाया जाएगा, तब तक आम जनता को राहत मिलना मुश्किल है।
उन्होंने यह भी कहा कि समय पर गैस न मिलने से लोगों में भारी रोष व्याप्त है। जिला प्रशासन को चाहिए कि मीडिया या अन्य माध्यमों के जरिए पारदर्शी रोस्टर जारी कर गैस आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।