मॉल रोड पर ‘सत्ता का रौब’ पड़ा भारी, विधायक पुत्र की फॉर्च्यूनर सीज… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

160
Oplus_16908288

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल की व्यस्त मॉल रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब उत्तर प्रदेश के एक विधायक के पुत्र द्वारा कथित तौर पर सत्ता का रौब दिखाने की कोशिश पुलिस और प्रशासन के सख्त रुख के आगे टिक नहीं पाई। उत्तराखंड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विधायक पुत्र की फॉर्च्यूनर कार को मौके पर ही सीज कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मॉल रोड पर एक कार लगातार हूटर बजाते हुए गुजर रही थी, जिस पर उत्तर प्रदेश विधानसभा विधायक का स्टीकर लगा हुआ था। इसी दौरान मौके से गुजर रहे उपजिलाधिकारी (SDM) नवाजिश खलीक की नजर वाहन पर पड़ी। उन्होंने तत्काल गाड़ी रुकवाकर पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि कार में उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल का बेटा अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आया था। आरोप है कि बिना किसी वैध कारण के हूटर बजाने पर जब एसडीएम ने सवाल किया, तो विधायक पुत्र ने गलती मानने के बजाय बहस शुरू कर दी और कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। यहां तक कि मुख्यमंत्री का नाम लेकर दबाव बनाने की भी कोशिश की गई।
मामला बढ़ता देख एसडीएम ने तत्काल पुलिस को मौके पर बुलाया।

जांच के दौरान वाहन के जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाए गए। साथ ही गाड़ी में हूटर का उपयोग भी नियमों के विरुद्ध पाया गया।
सीओ सिटी रविकांत सेमवाल ने बताया कि वाहन में अधिकृत व्यक्ति मौजूद नहीं था और हूटर का गलत इस्तेमाल किया जा रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा टोके जाने पर भी कार सवार अभद्रता कर रहे थे। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटते हुए फॉर्च्यूनर कार को सीज कर दिया। नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई कर यह स्पष्ट कर दिया कि नियमों का उल्लंघन करने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।