पिथौरागढ़। तहसील बंगापानी के अंतर्गत जारा जिबली माध्यमिक विद्यालय के उच्चीकरण की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। इसी क्रम में यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मदकोट-मुनस्यारी विक्रम दानू ने जिला मुख्यालय पहुंचकर आमरण अनशन पर बैठे आंदोलनकारियों को अपना समर्थन दिया।
बताया जा रहा है कि विद्यालय के उच्चीकरण की मांग को लेकर आंदोलनकारी पिछले एक दिन से आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं, लेकिन अब तक शासन-प्रशासन का कोई भी अधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा है। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
विक्रम दानू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। साथ ही चुनाव अधिकारी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
आंदोलनकारियों ने भी स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा।





