48 घंटे बाद मिली राहत.. सघन तलाश के बाद लापता 10 वर्षीय बालक सकुशल बरामद… रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर” नैनीताल…

74

नैनीताल। कालाढूंगी क्षेत्र से लापता 10 वर्षीय बालक को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने 48 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बरामद कर लिया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगल के बावजूद चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन ने आखिरकार सफलता दिलाई।जानकारी के अनुसार, बालक के लापता होने के बाद नैनीताल पुलिस, कोतवाली कालाढूंगी पुलिस और वन विभाग की टीमों ने तत्काल संयुक्त अभियान शुरू किया। लगातार 48 घंटे तक चले कॉम्बिंग अभियान के दौरान टीम ने कोटाबाग के शिसमानी जंगल में करीब 2 से 3 किलोमीटर अंदर बालक को खोज निकाला।

बरामदगी के तुरंत बाद बालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटाबाग ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण और प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकीय जांच के बाद बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन से परिजनों के साथ-साथ स्थानीय क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजनों ने पुलिस की तत्परता, समन्वय और अथक प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में गठित टीमों की मुस्तैदी और सूझबूझ से यह अभियान सफल रहा।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।