नैनीताल। हल्द्वानी सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत के निर्देश पर पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत जिला निरीक्षक एवं मूल्यांकन समिति द्वारा शहर के विभिन्न चिकित्सालयों और डायग्नोस्टिक केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शंकर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (रामपुर रोड), स्मार्ट डायग्नोस्टिक सेंटर (हल्द्वानी), जेपी अल्ट्रासाउंड केंद्र (हीरानगर), स्टार डायग्नोस्टिक सेंटर (हीरानगर) तथा चंदन डायग्नोस्टिक सेंटर (हीरानगर) की जांच की गई।
जांच में सभी केंद्रों के दस्तावेज निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। हालांकि चंदन डायग्नोस्टिक सेंटर और स्मार्ट डायग्नोस्टिक सेंटर को अल्ट्रासाउंड कक्ष में महिलाओं की गोपनीयता को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सभी केंद्रों को निर्देशित किया गया कि पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत आवश्यक दस्तावेजों का समुचित रखरखाव किया जाए तथा सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील स्थिति में रहें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अधिनियम का किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित केंद्र का पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया जाएगा।
निरीक्षण दल में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्वेता भंडारी, महिला चिकित्सालय की डॉ. रजनी आगरी, अवनीश डसीला (जिला सामान्य), प्रवीण सक्सेना (विधि सलाहकार) और ललित मोहन दढ़ियाल (अधिशासी सहायक) शामिल रहे।







