टीबी मुक्त अभियान में तेजी, गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य टीम… पनियाली में आयुष्मान आरोग्य शिविर, एक्स-रे व स्वास्थ्य जांच से ग्रामीणों को राहत… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

9

नैनीताल। जनपद में टीबी मुक्त अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग व्यापक स्तर पर सक्रिय है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.सी. पंत एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश डकरियाल के निर्देशन में स्वास्थ्य टीमें गांव-गांव पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं। ब्लॉक स्तर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों की देखरेख में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य टीबी रोग की समय रहते पहचान कर उसका उपचार सुनिश्चित करना है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अत्याधुनिक हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से मौके पर ही जांच की जा रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को अस्पताल जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। विभाग के अनुसार, इस तकनीक से गांवों में छिपे टीबी मरीजों की पहचान कर समय पर उपचार संभव हो पा रहा है।इसी क्रम में 25 मई को ग्राम पनियाली में आयुष्मान आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में टीबी जांच के लिए एक्स-रे, ब्लड प्रेशर व ब्लड शुगर की जांच की गई। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद में अब तक 66 हाई रिस्क गांवों में हैंडहेल्ड एक्स-रे किए जा चुके हैं, जबकि कुल 14,785 एक्स-रे जांच पूरी की जा चुकी हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
शिविर में एक्स-रे टेक्नीशियन एस.के. द्विवेदी, टीबी चैंपियन हिमानी गोस्वामी, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर मोनिका व सिमरन चौधरी सहित स्वास्थ्य टीम मौजूद रही।
संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए घर-घर जागरूकता
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर जनपद में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव के लक्ष्य को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य शिक्षा के साथ अस्पताल में प्रसव कराने के लाभों की जानकारी दे रही हैं।
टीम द्वारा जननी सुरक्षा योजना, ईजा-बोई योजना, परिवार कल्याण योजना सहित संचारी और गैर-संचारी रोगों से बचाव के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही घर पर प्रसव के जोखिमों के बारे में भी बताया जा रहा है और महिलाओं को अस्पताल में सुरक्षित प्रसव के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी कड़ी में ग्राम पनियाली में जिला आईईसी अधिकारी दीवान बिष्ट और आशा कार्यकर्ता कमला बिष्ट ने गर्भवती महिलाओं के घर जाकर उन्हें योजनाओं व स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।