नैनीताल। अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का रोमांच इस वर्ष एक बार फिर लौटने जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों के व्यवधान के बाद नैनीताल की यह प्रतिष्ठित हॉकी प्रतियोगिता पुनः आयोजित होने जा रही है। खास बात यह है कि इस बार प्रतियोगिता अपना 100वाँ वर्ष मना रही है, जिसे भव्य रूप देने के लिए आयोजक संस्था डी.एस.ए. द्वारा जोरदार तैयारियाँ की जा रही हैं।
शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में डी.एस.ए. महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 4 जून से होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 24 जून को खेला जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अब तक देशभर की 32 टीमों ने अपनी स्वीकृति दे दी है और कई अन्य टीमों के शामिल होने की संभावना भी बनी हुई है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1.50 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा अन्य पुरस्कार राशियों में भी वृद्धि की गई है।
हॉकी सचिव चंद्र लाल साह ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, केरल तथा उत्तर प्रदेश के रामपुर, पीलीभीत और लखनऊ समेत कई नामी टीमें प्रतियोगिता में भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया से प्रतियोगिता आयोजन की आधिकारिक मंजूरी प्राप्त हो चुकी है।
प्रतियोगिता का प्रारूप भी तय कर लिया गया है। 4 जून से 17 जून तक नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 18 जून से लीग चरण के मुकाबले शुरू होंगे।
प्रतियोगिता को लेकर डी.एस.ए. उपाध्यक्ष प्रो. डी.एस. बिष्ट, त्रिभुवन फर्त्याल तथा डॉ. मनोज बिष्ट ने ट्रेड्स कप के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला।
इधर प्रतियोगिता को लेकर फ्लैट मैदान के सौंदर्यीकरण कार्य में भी तेजी लाई गई है। आयोजकों का लक्ष्य है कि सभी आवश्यक कार्य इसी माह पूर्ण कर लिए जाएँ।
इस दौरान डी.एस.ए. उप सचिव खीमराज देऊपा, व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी, शैलेन्द्र बर्गली, पवन खनायत, धर्मेंद्र शर्मा, डॉ. संतोष कुमार, हरीश जोशी, रवि जोशी, भारत मेहरा, एम.सी. उपाध्याय सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

