देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता भुवन चंद्र खंडूरी के आकस्मिक निधन पर उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार 19 मई 2026 से 21 मई 2026 तक पूरे राज्य में राजकीय शोक प्रभावी रहेगा।
राज्य सरकार के आदेश में कहा गया है कि शोक अवधि के दौरान प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों एवं भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। साथ ही इस दौरान किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री की अन्त्येष्टि 20 मई 2026 को पूरे राजकीय एवं पुलिस सम्मान के साथ सम्पन्न कराई जाएगी। अन्त्येष्टि के दिन राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री के निधन की खबर से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक संगठनों के साथ आम जनता भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है।







