बारिश से पहले नहीं, बारिश के बीच मैदान में उतरे महापौर, लिया व्यवस्थाओं का जायजा हल्द्वानी में बारिश के बीच महापौर का निरीक्षण अभियान, जलभराव रोकने के निर्देश

12

हल्द्वानी। लगातार हो रही बारिश के बीच हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने तिकोनिया नैनीताल रोड, कैनाल रोड (जीएसटी भवन के निकट) तथा वार्ड संख्या 29 और 30 में नालियों की सफाई, जल निकासी और संभावित जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण किया।

महापौर ने अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु के दौरान नालियों की नियमित सफाई और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था और जल निकासी को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर निगम की टीमें लगातार मैदान में तैनात हैं और प्रत्येक संवेदनशील क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और नालियों में कचरा न फेंकें, ताकि शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव मुक्त बनाए रखा जा सके।