नैनीताल। हल्द्वानी के तीनपानी फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा स्कूटी और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।पुलिस के अनुसार स्कूटी पर चार युवक सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दो युवकों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान एक अन्य युवक की भी मौत हो गई। चौथे युवक का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।सूचना मिलते ही सीओ हल्द्वानी अमित सैनी और कोतवाल विजय मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी भी सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और मृतकों एवं घायल युवक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को घायल युवक का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटी सवार चारों युवक गौलापार से लालकुआं की ओर जा रहे थे, जबकि स्कॉर्पियो लालकुआं से ज्योलिकोट की ओर जा रही थी। तीनपानी फ्लाईओवर पर दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। पुलिस शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे का प्रमुख कारण मान रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
मृतकों की पहचान
- राहुल राजपूत (निवासी गोरा पड़ाव)
- शिवम (निवासी गोरा पड़ाव)
- अंशु आर्य
घायल
- आदि टम्टा (गंभीर, उपचार जारी)







