टोल कर्मियों की अभद्रता पर भड़का जिला बार, आयुक्त से की सख्त कार्रवाई की मांग… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल

5

नैनीताल । लेक ब्रिज चुंगी, तल्लीताल पर टोल कर्मियों द्वारा स्थानीय लोगों और पर्यटकों के साथ कथित अभद्रता के मामलों को लेकर जिला बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन ने कुमाऊं मंडल के आयुक्त को ज्ञापन भेजकर टोल व्यवस्था में सुधार और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बार एसोसिएशन के अनुसार, एक अगस्त की रात वरिष्ठ अधिवक्ता स्वाति परिहार हल्द्वानी से अपने आवास मल्लीताल लौट रही थीं। आरोप है कि लेक ब्रिज चुंगी पर टोल कर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले की शिकायत तल्लीताल थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद संबंधित कर्मचारी ने लिखित माफीनामा भी दिया। एसोसिएशन का कहना है कि चुंगी पर स्थानीय लोगों और पर्यटकों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और विवाद की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आमजन में रोष है।जिला बार एसोसिएशन ने ज्ञापन में मांग की है कि सभी टोल कर्मियों का पुलिस सत्यापन कराया जाए तथा उनके लिए वर्दी और पहचान पत्र अनिवार्य किए जाएं। प्रत्येक चुंगी पर विशेषकर रात्रिकाल में पुलिस कर्मियों की नियमित तैनाती हो और कर्मचारियों का ड्यूटी रजिस्टर संधारित किया जाए। साथ ही आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों की नियुक्ति पर रोक लगाई जाए।
एसोसिएशन ने चुंगी स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित निगरानी, वॉइस रिकॉर्डिंग की व्यवस्था और प्रशासन व पुलिस की रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की भी मांग की है। इसके अलावा टोल ठेकेदारों और कर्मचारियों की बैठक बुलाकर स्थानीय लोगों एवं पर्यटकों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित कराने तथा चुंगी परिसरों में मद्यपान पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का सुझाव दिया गया है।
बार एसोसिएशन ने आयुक्त से इन सभी सुझावों पर शीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।इस दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण बिष्ट,सचिव संजय सुयाल,स्वाती बोरा,ओंकार गोस्वामी, भानु प्रताप मौनी, अनिल बिष्ट,मोहम्मद बिलाल,सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।