रामगढ़-मुक्तेश्वर मार्ग पर मिनी बस खाई में गिरी, एक की मौत… 21 यात्रियों को सुरक्षित निकाला, वाहन में फंसे एक व्यक्ति को बचाने के लिए रेस्क्यू जारी; चालक गिरफ्तार… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

48
Oplus_16908288

नैनीताल। रामगढ़-मुक्तेश्वर मोटर मार्ग पर शुक्रवार शाम एक मिनी बस अनियंत्रित होकर करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक समेत 22 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार मिनी बस हरियाणा के फरीदाबाद नंबर की थी। बस में 21 यात्री और चालक सवार था। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और राहत दल को घटना की सूचना दी, जिसके बाद बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान घायलों को खाई से निकालकर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक 14 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। छह लोग सुरक्षित बताए गए हैं, जबकि हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है।
बस में एक व्यक्ति के फंसे होने की सूचना के बाद एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया। वाहन की स्थिति को देखते हुए गैस कटर समेत अन्य उपकरणों की मदद से बस को काटकर अंदर फंसे व्यक्ति को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी हालत बेहद नाजुक बताई गई है।

Oplus_16908288

एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर राहत कार्य में जुटी रही। फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।
दुर्घटना के बाद मिनी बस का चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।