नैनीताल। नैनीताल की लाइफलाइन मानी जाने वाली माल रोड की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि बीते वर्षों में माल रोड क्षतिग्रस्त हुई है, जिससे शहर की आवाजाही प्रभावित होती है। ऐसे में सड़क की मरम्मत का कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाना जरूरी है।
डीएम ने बताया कि पूर्व में विभिन्न एजेंसियों की ओर से किए गए कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इसके बाद सिंचाई विभाग (पीएचडी) की ओर से माल रोड का तकनीकी सर्वे कराया गया। विभाग के विशेषज्ञों ने तकनीकी पहलुओं का अध्ययन करने के बाद सड़क की मजबूती और स्थायित्व को ध्यान में रखते हुए नया डिजाइन तैयार किया है।
उन्होंने बताया कि नए डिजाइन के तहत माल रोड पर पिलिंग, बीम और स्लैब का कार्य किया जाना है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ गति का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को लंबे समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि माल रोड का निर्माण कार्य टिकाऊ, उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे माल रोड लंबे समय तक सुरक्षित और मजबूत बनी रहे।







