नैनीताल। लोअर माल रोड की बदहाल स्थिति को लेकर धरने पर बैठे व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन को मंगलवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से लिखित आश्वासन प्राप्त हुआ। पीडब्ल्यूडी के उच्च अधिकारी राजेश पंथी की ओर से जारी पत्र में 23 सितंबर को होने वाले धार्मिक आयोजन के दौरान मइया के डोले को पूर्व निर्धारित मार्ग से ही सीमित लोगों के साथ निकाले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
पत्र में लोअर माल रोड को 10 अक्टूबर तक यातायात के लिए खोलने का लिखित आश्वासन भी दिया गया है। इसके बाद पुनीत टंडन ने कहा कि प्रशासन और विभाग की ओर से लिखित प्रतिबद्धता मिलने के बावजूद उनकी प्राथमिकता सड़क का काम गुणवत्ता के साथ पूरा कराना है।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने भी कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया है। ऐसे में यदि निर्धारित समय में गुणवत्ता प्रभावित होती है तो उन्हें जल्दबाजी नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि विभाग चाहे तो एक माह अतिरिक्त समय ले सकता है, लेकिन काम मजबूत और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। इसी को देखते हुए उन्होंने अपनी ओर से 10 नवंबर तक की समयसीमा तय की है।पुनीत टंडन ने कहा कि विभाग की ओर से 10 अक्टूबर की तिथि लिखित रूप में दी गई है, लेकिन काम की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए विभाग को 10 नवंबर तक का अतिरिक्त समय देने का निर्णय लिया गया है।उन्होंने कहा कि धरना अभी जारी रहेगा। बुधवार को धरना स्थल पर समर्थन देने पहुंचे लोगों के साथ वार्ता और विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आंदोलन की आगामी रणनीति और प्रशासन के समक्ष रखे जाने वाले निर्णयों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि धरने की आगे की रूपरेखा भी बुधवार को सार्वजनिक की जाएगी।







