नैनीताल। सामाजिक सरोकारों के तहत नैनीताल एक्वेटिक एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (नासा) की ओर से बुधवार को बीडी पांडे चिकित्सालय में आयोजित रक्तदान शिविर में सहयोग और सहभागिता की गई। संस्था ने खेल एवं साहसिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सेवा को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने का संदेश दिया।
नासा अध्यक्ष यशपाल सिंह रावत ने कहा कि खेल और साहसिक गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, टीम भावना तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करती हैं। इसके साथ ही युवाओं में समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है। रक्तदान जैसे कार्य इसी सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाते हैं।
उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को इसमें आगे आकर योगदान देना चाहिए। नासा ने रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम और शिविर के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
शिविर में नासा की ओर से प्रो. रीतेश साह, धीरज बिष्ट, भूपाल सिंह बिष्ट, हर्ष वर्धन छाबड़ा, सरिता बिष्ट, तरुण बिष्ट, नितिन, रितिका गैड़ा और मनमोहन सिंह चिलवाल ने सहभागिता की।
बीडी पांडे चिकित्सालय के ब्लड बैंक की टीम ने शिविर में चिकित्सा एवं तकनीकी सहयोग दिया। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. प्रियंशु श्रीवास्तव, डॉ. अनिरुद्ध गंगोला, गणेश दत्त पलड़िया, संगीता प्रकाश और राकेश ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच और रक्त संग्रह की व्यवस्था संभाली।
नासा सदस्यों ने कहा कि संस्था आगे भी झील एवं पर्यावरण संरक्षण, युवा विकास, खेल गतिविधियों तथा सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय सहभागिता जारी रखेगी।

