डायरिया-पीलिया प्रभावितों के लिए बेस अस्पताल में अलग वार्ड.. ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने हल्द्वानी के अस्पतालों का लिया जायजा… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

9

नैनीताल। ज्योलीकोट व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डायरिया-पीलिया के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने हल्द्वानी के सरकारी व निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों का हाल जाना और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत को उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
प्रभावित क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार देने के साथ नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। आर्थिक रूप से कमजोर पात्र मरीजों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
डायरिया-पीलिया प्रभावित मरीजों के लिए हल्द्वानी बेस अस्पताल में अलग वार्ड बनाया जाएगा। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों और नोडल डॉक्टर की तैनाती होगी। मरीजों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क तथा नोटिस बोर्ड पर ड्यूटी डॉक्टरों के नाम और संपर्क नंबर भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इस दौरान सीएमओ डॉ. रश्मि पंत समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।