दून मास्टर्स टेबल टेनिस में गिरीश चाबड़ा ने विश्व नंबर-1 विनय चोपड़ा को हराया… छह राज्यों के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, 33 टीमों के बीच हुआ मुकाबला… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

11

देहरादून। उत्तराखंड मास्टर्स टेबल टेनिस एसोसिएशन एवं मास्टर्स ग्रुप की ओर से आयोजित प्रथम दून मास्टर्स टेबल टेनिस टूर्नामेंट में देशभर के दिग्गज खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। 12 और 13 सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। दो दिन तक चले मुकाबलों में 33 टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ।
प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक मुकाबला 60 प्लस एकल वर्ग के फाइनल में देखने को मिला। देहरादून के गिरीश चाबड़ा ने 70 प्लस वर्ग के विश्व नंबर-1 खिलाड़ी दिल्ली के विनय चोपड़ा को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। गिरीश ने 3-11, 11-4, 11-7 और 11-7 से मुकाबला जीता। सेमीफाइनल में विनय चोपड़ा ने हिमाचल प्रदेश के डॉ. पीटर डिसूजा को 3-2 से हराया, जबकि गिरीश चाबड़ा ने दिल्ली के मुरली को 3-2 से मात दी।
40 प्लस एकल वर्ग में दिल्ली के समीर साहनी विजेता रहे। उन्होंने फाइनल में ईव सैप को 3-0 से पराजित किया। 50 प्लस वर्ग में लाइटक्वो पैसिफिक के ऋषिराज त्यागी ने अपने ही टीम के पराग अग्रवाल को 3-1 से हराकर खिताब जीता।
मिश्रित टीम वर्ग के फाइनल में लाइटक्वो पैसिफिक उत्तर प्रदेश ने दिल्ली डी को 3-0 से शिकस्त दी। वहीं 40 प्लस टीम वर्ग में दिल्ली टीई बी ने लाइटक्वो पैसिफिक उत्तर प्रदेश को 3-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
महिला 40 प्लस एकल वर्ग में हिमाचल प्रदेश की अनु शर्मा विजेता बनीं। उन्होंने फाइनल में नीरू को 3-1 से हराया। देहरादून की प्रीति चाबड़ा ने साधना अग्रवाल को 3-1 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
टूर्नामेंट में भारत के कोच पराग अग्रवाल, राष्ट्रीय पदक विजेता ऋषिराज त्यागी, मनुराज जैन, सौरभ पोद्दार, मनीष नेपाली समेत कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी एवं उत्तराखंड टेनिस एसोसिएशन के सचिव विजेंद्र चौहान मुख्य अतिथि रहे। सिंगापुर क्रिकेट लीग खिलाड़ी पुनीत सिन्हा और पीएनबी के पूर्व क्षेत्रीय प्रबंधक एवं राष्ट्रीय मास्टर्स टेबल टेनिस खिलाड़ी संजय कांडपाल विशिष्ट अतिथि रहे।
सतीश भट्ट मुख्य रेफरी रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में गिरीश चाबड़ा, दीपक चौहान, प्रदीप मेहता, जसविंदर सिंह, रजनीश सेमवाल समेत आयोजन समिति के सदस्यों ने सहयोग किया। फ्लिक्स इंटरनेशनल ने प्रतियोगिता को सहयोग दिया, जबकि टीटीस्टार्स ने तकनीकी एवं डिजिटल सहयोग प्रदान किया।