नैनीताल में जनसेवा केंद्रों पर छापेमारी से मचा हड़कंप.. डीएम के निर्देश के बाद एक्टिव हुआ प्रसाशन दी गयी हिदायत;पढ़ें पूरी खबर… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल…

46

नैनीताल। जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में तहसील प्रशासन की टीम ने सोमवार को नैनीताल तहसील क्षेत्र में संचालित जनसेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीन जनसेवा केंद्रों में निर्धारित सेवा शुल्क सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं मिली। वहीं, एक केंद्र पर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूले जाने की शिकायत भी सामने आई। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालकों से स्पष्टीकरण लिए जाने की कार्रवाई की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान तल्लीताल स्थित हिलट्रॉन कंप्यूटर जनसेवा केंद्र में निर्धारित सेवा शुल्क सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं पाई गई। केंद्र के संचालन के लिए संचालक संजय मेहरा की ओर से एक अतिरिक्त कर्मचारी रखा गया है।इसी तरह तल्लीताल स्थित नवनी जनसेवा केंद्र में भी निर्धारित सेवा शुल्क सूची प्रदर्शित नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि लिए जाने की शिकायत की जांच की गई। आवेदक मयूर ग्वाल के जाति प्रमाण पत्र संख्या UK26ES0800098481 के संबंध में दूरभाष पर संपर्क किया गया। आवेदक ने बताया कि जाति प्रमाण पत्र के लिए केंद्र संचालक अमित आर्या ने उनसे 300 रुपये लिए थे। केंद्र पर प्रमाण पत्र संबंधी कार्यों के लिए एक अतिरिक्त कर्मचारी भी रखा गया है।मल्लीताल स्थित रूमान कम्युनिकेशन जनसेवा केंद्र के निरीक्षण में भी निर्धारित सेवा शुल्क सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित नहीं मिली। निरीक्षण के दौरान केंद्र संचालक मोहम्मद रूमान द्वारा मोबाइल कम्युनिकेशन के माध्यम से धनराशि ऑनलाइन खाते में स्थानांतरित कर लेनदेन किए जाने की जानकारी सामने आई। यहां भी प्रमाण पत्र संबंधी कार्यों के लिए एक अतिरिक्त कर्मचारी रखा गया है।
प्रशासन की ओर से किए गए निरीक्षण में सामने आई इन अनियमितताओं को लेकर रिपोर्ट तैयार की गई है। जनसेवा केंद्रों पर निर्धारित शुल्क सूची को प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा आवेदकों से नियमानुसार ही शुल्क लेने के निर्देशों के अनुपालन पर आगे कार्रवाई की जाएगी।