हल्दूचौड़। एलबीएस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्दूचौड़ में अखिल भारतीय शिक्षा समागम एवं समाजशास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वावधान में निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अनिता सिंह ने प्रतियोगिताओं से संबंधित विषय एवं थीम की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सीमा गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ इस तरह की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने से विद्यार्थियों के मनोबल, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
निबंध प्रतियोगिता में सावित्री बडोला ने प्रथम, कोमल राजपूत ने द्वितीय और हर्षित रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में हर्षित रावत प्रथम, हिमांशु रावत द्वितीय और प्रियंका चंद तृतीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. कमला पंत, डॉ. कल्पना साह, डॉ. हेमलता गोस्वामी, डॉ. भूपेन्द्र औलख और डॉ. चंद्रकांता शामिल रहे। कार्यक्रम में डॉ. कविता बिष्ट, डॉ. प्रकाश लखेड़ा सहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।







