नैनीताल। श्री नंदा देवी महोत्सव के तहत मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मां नयना देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां नंदा और मां नयना देवी से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में पहुंचने पर श्रद्धालुओं और आयोजकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नंदा उत्तराखंड की कुलदेवी होने के साथ ही प्रदेश की रक्षक देवी के रूप में भी पूजित हैं। उन्होंने कहा कि मां का आशीर्वाद प्रदेशवासियों पर सदैव बना रहे और उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के लिए भी देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान रखता है। इस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में मातृशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। 
महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया। श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड पाठ और भजनों में सहभागिता की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मुख्यमंत्री के साथ विधायक सरिता आर्य, प्रताप बिष्ट, डॉ. अनिल कपूर, गोपाल रावत समेत अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन से जुड़े कार्यक्रमों में कैलाश जोशी, विमल चौधरी, मुकुल जोशी, हीरा रावत और दीपा चौधरी सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की।
महोत्सव के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी किया गया। इसमें दीपा बिष्ट, दिग्विजय सिंह, वेद साह, एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, कीर्ति आर्य तथा सभासद शीतल कटियार, मनोज साह जगाती और सपना बिष्ट सहित अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी कीर्ति, नवीन पांडे, प्रो. ललित तिवारी और हेमंत बिष्ट ने किया।



