ज्योलिकोट में स्वास्थ्य सेवाएं जारी.. 16 लोगों की जांच, 11 लैब टेस्ट; गंभीर लक्षण वाले एक मरीज को किया भर्ती, 54 की काउंसलिंग.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

7

 

नैनीताल। ज्योलिकोट प्रभावित क्षेत्र में शनिवार को भारी बारिश के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय रहीं। प्रतिकूल मौसम के बीच स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों की जांच करने के साथ ही चिकित्सकीय परामर्श और जागरूकता अभियान जारी रखा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 16 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान 11 लैब टेस्ट किए गए और गंभीर लक्षण वाले एक मरीज को उपचार के लिए भर्ती किया गया। स्वास्थ्य टीमों ने 54 लोगों की काउंसलिंग की, जबकि 10 लोगों को टेली-कंसल्टेंसी के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

●सातों पानी के नमूने मानकों के अनुरूप..

जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में पानी की गुणवत्ता की भी निगरानी की जा रही है। 25 सितंबर को ज्योलिकोट क्षेत्र से लिए गए पानी के सातों नमूने जांच में निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जल स्रोतों की निगरानी के साथ जरूरत के अनुसार शुद्धिकरण और क्लोरीनेशन की कार्रवाई की जा रही है।
स्वास्थ्य टीमों ने क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट और रिजॉर्ट में भी स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाया। संचालकों और कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, हाथों की नियमित सफाई, सुरक्षित पेयजल और भोजन की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। जल भंडारण टैंकों की नियमित सफाई और उचित क्लोरीनेशन पर भी जोर दिया गया।

●भीमताल ब्लॉक के प्रधानाचार्यों से की वर्चुअल बैठक..

मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में विकासखंड भीमताल के खंड शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास, प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और आरबीएसके टीम के साथ वर्चुअल बैठक हुई। इसमें 95 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बैठक में विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित पेयजल, जल शुद्धिकरण, क्लोरीनेशन और पानी की टंकियों की नियमित सफाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में अन्य विकासखंडों में भी ऑनलाइन बैठक कर संबंधित विभागों और संस्थानों को जागरूक किया जाएगा। सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान केवल सुरक्षित पेयजल का इस्तेमाल करें और स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।